केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का तूफानी प्रचार, कांग्रेस सहित महाविकास अघाड़ी को जमकर घेरा

नागपुर: नागपुर महानगर पालिका चुनाव के मद्देनज़र शहर का राजनीतिक माहौल तेज़ी से गरमाता जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन गडकरी ने नागपुर के वाठोडा क्षेत्र में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अपने चिर-परिचित अंदाज़ में गडकरी ने कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए जमकर आलोचना की, जिससे सभा स्थल पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कांग्रेस की गरीबी हटाओ नीति पर व्यंग्य करते हुए कहा, “एक पउआ दबाओ और गरीबी हटाओ, मेरा भारत महान, हमें दो, देसी दारू दुकान…” जैसे सरल लेकिन तीखे शब्दों के माध्यम से उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। गडकरी ने सीधे सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) ने अब तक गरीबों और वंचित वर्गों के लिए ठोस रूप से क्या किया है।

इस दौरान गडकरी ने कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा के नाम पर कांग्रेस नेताओं ने अपने निजी शैक्षणिक संस्थान खड़े कर भारी मुनाफा कमाया और आम जनता को ठगा। रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस और NCP की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, “आप शिक्षकों की आधी सैलरी दीजिए और आधी हम देंगे, यही कांग्रेस और NCP की रोजगार गारंटी है।” इस बयान के बाद सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

हालांकि, अपने भाषण के दौरान गडकरी ने यह स्पष्ट करते हुए राजनीतिक संतुलन भी साधा कि वर्तमान में भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल NCP का एक वर्ग अलग है और उसकी तुलना पूर्व की NCP की कार्यप्रणाली से नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने यह बात स्पष्ट कर किसी भी तरह की राजनीतिक भ्रम की स्थिति को टाल दिया।

नितिन गडकरी इस समय नागपुर मनपा में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराने के उद्देश्य से ज़ोरदार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने वाठोडा, शांतिनगर और कलमना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित किया, जबकि आज गिट्टीखदान, फुटाला और नारा क्षेत्रों में उनकी तीन और सभाएं प्रस्तावित हैं। इन सभाओं के माध्यम से गडकरी सीधे मतदाताओं से संवाद कर भाजपा के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर रहे हैं।

अपने संबोधन में गडकरी ने पिछले तीन कार्यकालों में भाजपा नेतृत्व वाली नागपुर मनपा द्वारा किए गए विकास कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने शहर की सड़कों, फ्लाईओवरों, परिवहन व्यवस्था और समग्र बुनियादी ढांचे में हुए सुधारों के उदाहरण दिए। साथ ही, केंद्रीय मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के माध्यम से नागपुर में आए बदलावों को भी रेखांकित किया।

इसके साथ ही गडकरी ने भविष्य में भाजपा की सत्ता में वापसी होने पर नागपुर शहर के समग्र विकास के लिए एक विस्तृत रोडमैप भी प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि शहर के सतत और समावेशी विकास के लिए दीर्घकालिक योजना आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “MP, MP के घर से और कॉर्पोरेटर, कॉर्पोरेटर के घर से पैदा नहीं होते। कॉर्पोरेटर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच से निकलकर आने चाहिए।” उनके इस वक्तव्य पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ समर्थन जताया।

Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!