गोंदिया-चांदाफोर्ट रेल मार्ग पर ट्रेन की चपेट में आया तेंदुआ, 8 से 10 महीने की उम्र का था वन्यजीव

गोंदिया: गोंदिया-चांदाफोर्ट रेल मार्ग पर रविवार सुबह एक तेंदुए की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना अर्जुनी और बडेगांव रेलवे स्टेशन के बीच महालगांव क्षेत्र में सामने आई। मृत तेंदुए की उम्र करीब 8 से 10 महीने होने का प्राथमिक अनुमान वन विभाग ने लगाया है। रेलवे पोल क्रमांक 408/15 के पास तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रेन की टक्कर से उसकी मौत हुई। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे।

वन विभाग ने किया पंचनामा
घटनास्थल पर वनपरिक्षेत्र अधिकारी आर. एम. बहुरे की मौजूदगी में पंचनामा किया गया। प्रारंभिक तौर पर मौत को रेल दुर्घटना माना गया है। इसके बाद मृत तेंदुए के शव को आगे की कार्रवाई के लिए वनआगार, अर्जुनी-मोर ले जाया गया। वन विभाग की मानक प्रक्रिया के तहत शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान अलग-अलग नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें आगे प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।
रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा फिर सवालों में
गोंदिया-चांदाफोर्ट रेल मार्ग का कुछ हिस्सा वन क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। तेंदुए की मौत की इस घटना ने रेलवे मार्ग पर वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर सुरक्षा उपायों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत को रेखांकित किया है। मौके पर उपवनसंरक्षक अविनाश मेश्राम, तहसीलदार अनिरुद्ध कांबळे, मानद वन्यजीव रक्षक रुपेश निनावे सहित वन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मामले की आगे की जांच वनपरिक्षेत्र अधिकारी आर. एम. बहुरे कर रहे हैं।
Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!