Nagpur: फर्जी NIA अधिकारी गिरफ्तार, फर्जी पहचान पत्र और सरकारी लोगो से करता था ठगी; क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की कार्रवाई

नागपुर: नागपुर शहर में खुद को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाला एक युवक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। क्राइम ब्रांच यूनिट–5 की टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर आरोपी को कार समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से NIA का फर्जी पहचान पत्र समेत कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात पाम ग्रीन लॉन, भिलगांव–कामठी रोड इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना क्राइम ब्रांच को वायरलेस पर मिली थी। इसके बाद तकनीकी जांच और गोपनीय जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट–5 की टीम ने आरोपी का पीछा किया और बुटीबोरी क्षेत्र के सातगांव से उसे टाटा टियागो कार के साथ हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय प्रल्हाद दिलीपकुमार सिन्हा, निवासी सातगांव, बुटीबोरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारत सरकार के लोगो वाला NIA का फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ, जिसमें उसने खुद को ACIO रैंक का अधिकारी बताया था।
इसके अलावा आरोपी के पास से अलग-अलग जन्मतिथियों वाले फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, एक मोबाइल फोन और नकद ₹8,530 बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसके पास से करीब 3.25 लाख रुपये का  माल जब्त किया है।
इस मामले में शिकायतकर्ता हसदिसिंह भाटिया की शिकायत पर यशोधरा नगर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगा और फर्जी दस्तावेज कहां से तैयार करवाए थे।
Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!