तहसील संवाददाता सुबोध बैस तिरोडा : श्री पब्लिक स्कूल में आज दिनांक 14 नवंबर 2025 को बाल दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। प्रार्थना सभा के पश्चात कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। नर्सरी से केजी-2 के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी पंडित जवाहरलाल नेहरू की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं कक्षा पहली से सातवीं तक के विद्यार्थियों ने बाल दिवस से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।स्कूल के संचालक श्री रामकृष्ण शेंडे सर तथा मुख्याध्यापक सर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात छोटे बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
बच्चों के मासूम और मनमोहक प्रस्तुतीकरण से विद्यालय परिसर आनंदमय माहौल से भर गया।विद्यार्थियों के लिए रस्सी खींच प्रतियोगिता, बलून रेस, बुक बैलेंस रेस सहित कई मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अर्चना ठोंबरे मैडम ने मधुर गीत प्रस्तुत किया, जबकि सुषमा ठाकूर मैडम ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और उनके बालप्रेम पर प्रकाश डाला।संचालक सर ने बच्चों को बाल दिवस का महत्व समझाते हुए चाचा नेहरू के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी। मुख्याध्यापक सर ने भी सभी छात्रों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।कार्यक्रम का सुंदर संचालन विजया राऊत मैडम ने किया तथा आभार प्रदर्शन पौर्णिमा कनपटे मैडम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने “चाचा नेहरू अमर रहें” के जयघोष से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। अंत में प्रसाद वितरण एवं उपहार भेंट कर बाल दिवस समारोह का सफल समापन हुआ।





























