महाराष्ट्र TET परीक्षा से पहले पेपर लीक! 4.28 लाख अभ्यर्थियों पर संकट, परीक्षा स्थगित

मुंबई: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) एक बार फिर पेपर लीक विवाद में घिर गई है। ठाणे जिले में होने वाली TET परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा स्थगित कर दी गई है। शिक्षा विभाग की ओर से जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ठाणे जिले में TET प्रश्नपत्रों की अवैध बिक्री की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और कथित रूप से लीक हुई प्रश्नपत्रिका बरामद की। इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

4.28 लाख अभ्यर्थियों को झटका
इस वर्ष महाराष्ट्र TET परीक्षा के लिए राज्यभर से 4,28,122 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें सबसे अधिक 45,562 उम्मीदवार पुणे जिले से हैं। परीक्षा स्थगित होने से महीनों से तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत पर फिलहाल पानी फिर गया है। इस घटना के बाद अभ्यर्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही ।

शिक्षा विभाग करेगा आधिकारिक घोषणा
पुलिस द्वारा पेपर लीक की जानकारी शिक्षा विभाग को दिए जाने के बाद परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए। इसी कारण पूरी परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। शिक्षा विभाग जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा कर सकता है।

बड़े रैकेट की आशंका, जांच जारी
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र आखिर किस स्तर से लीक हुआ, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और यह संदिग्धों तक कैसे पहुंचा। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित पेपर लीक गिरोह सक्रिय है। गौरतलब है कि देश में NEET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के बाद अब महाराष्ट्र TET मामला भी परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!