वर्धमान नगर- डिप्टी सिग्नल “बहरीन बाई सोनबोइर” फ्लाईओवर जनता को समर्पित, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया उद्घाटन

नागपुर: नागपुर के पूर्वी हिस्से (East Nagpur) में वर्षों से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। वर्धमान नगर–डिप्टी सिग्नल–कलमना मार्ग पर 151 करोड़ रुपये की लागत से बने फोर-लेन फ्लाईओवर (Vardhman Nagar–Deputy Signal–Kalmana Road Flyover) का रविवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने लोकार्पण किया। इस फ्लाईओवर से औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में यातायात सुगम होने की उम्मीद है।

उपराजधानी नागपुर के तेजी से हो रहे विस्तार के साथ शहर में वाहनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इसका सबसे अधिक असर वर्धमान नगर, डिप्टी सिग्नल और कलमना जैसे प्रमुख इलाकों में देखने को मिलता है, जहां प्रतिदिन भारी ट्रैफिक के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। पूर्व नागपुर का यह इलाका औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां एक ओर लघु उद्योगों की बड़ी संख्या है, तो दूसरी ओर मध्य भारत की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडियों में से एक कलमना मार्केट स्थित है।

इसके अलावा डिप्टी सिग्नल क्षेत्र घनी आबादी वाला प्रमुख आवासीय इलाका है। इन कारणों से यहां रोजाना हजारों दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे ट्रैफिक दबाव बढ़ने के साथ कई सड़क दुर्घटनाएं भी होती रही हैं। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग कर रहे थे। मांग को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 151 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी। राज्य सरकार की कंपनी महारेल ने इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरा किया।

रविवार को आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari), मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrahsekhar Bawankule) ने फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक कृष्ण खोपड़े, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सरकार ने फ्लाईओवर को पूर्व उपमहापौर बहरीन बाई सोनबोइर (Former Deputy Mayor Bahrain Bai Sonboir) नाम दिया है।

इस दौरान बोलते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि, पूर्व नागपुर लगातार विकास कर रहा है। एक तरफ जहां फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ मुलभुत सुविधाओं को भी बढ़ाया जा रहा।  वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, फ्लाईओवर बनने से न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि नागरिकों का समय भी बचेगा।

इस फ्लाईओवर के शुरू होने से पूर्व नागपुर के वर्धमान नगर, डिप्टी सिग्नल और कलमना क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने के साथ यात्रियों का समय बचेगा और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होने की उम्मीद है।

Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!