मुंबई में एयर ट्रैफिक जाम: नागपूर की कई उड़ानें प्रभावित, मंत्री बावनकुले समेत कई विधायकों को टालना पड़ा मुंबई दौरा

नागपुर: मुंबई हवाई अड्डे पर भारी हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) संकट यानी ‘हवाई जाम’ का सीधा असर नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देखने को मिल रहा है। मुंबई से नागपुर के बीच आने-जाने वाली कई उड़ानें घंटों की देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। अचानक हुए इस बदलाव से आम यात्रियों समेत मुंबई में शुरू हो रहे विधानमंडल के मानसून सत्र में शामिल होने जा रहे विदर्भ के नेताओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

इंडिगो की उड़ान रद्द, कई फ्लाइट्स घंटों लेट

मुंबई में ऑपरेशनल और तकनीकी दिक्कतों के चलते इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई-नागपुर-मुंबई विमान सेवा (6E-6802/5175) को पूरी तरह रद्द करना पड़ा। इसके अलावा, कई अन्य विमानों का शेड्यूल बुरी तरह बिगड़ गया।

  • मुंबई से सुबह 9:30 बजे नागपुर पहुंचने वाली फ्लाइट (6E-6058/6145) सुबह 11:05 बजे तक भी नागपुर नहीं उतर सकी थी।
  • इसी तरह, सुबह 11:40 बजे आने वाली एक और उड़ान (6E-2060/5344) भी मुंबई में ट्रैफिक जाम के कारण हवा में ही फंसी रही।
  • एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का लाइव स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

मानसून की शुरुआत से ही स्थिति खराब

हवाई यातायात में आ रही यह दिक्कत कोई पहली बार नहीं है। पिछले महीने, जून के दूसरे और तीसरे हफ्ते में भी मुंबई और पुणे में मानसून की पहली जोरदार बारिश और खराब मौसम के चलते कई विमानों को आधे से एक घंटे तक हवा में ही चक्कर (Hovering) लगाने पड़े थे। इसके अलावा दिल्ली और मुंबई से आने वाली कुछ उड़ानें तकनीकी खराबी के चलते भी लेट हुई थीं।

बावनकुळे समेत कई विधायकों का मुंबई दौरा रद्द

इस हवाई जाम का सबसे बड़ा राजनीतिक असर नागपुर के लोकप्रतिनिधियों पर पड़ा। महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र में शामिल होने के लिए सोमवार को मुंबई रवाना हो रहे विदर्भ के कई दिग्गज नेताओं को अपनी यात्रा टालनी पड़ी। विमानों में भारी देरी और अनिश्चितता को देखते हुए प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे, हिंगना के विधायक समीर मेघे, भाजपा विधायक प्रवीण दटके और विधायक डॉ. राजीव पोतदार को अपनी सोमवार की मुंबई उड़ान रद्द करनी पड़ी। इस वजह से ये सभी नेता सोमवार को सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके। अब इन सभी नेताओं ने मंगलवार को मुंबई के लिए रवाना होने का फैसला किया है।

Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!