नागपुर पैटर्न पर गोंदिया में बनेगा एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर

विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों से 1000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी

गोंदिया, 30 जून। गोंदिया शहर के विकास इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। नागपुर के प्रसिद्ध एलिवेटेड रोटरी ब्रिज की तर्ज पर गोंदिया में अत्याधुनिक एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना सहित जिले में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। विधायक विनोद अग्रवाल ने इसे गोंदिया के समग्र विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर बालाघाट टी-पॉइंट से कुड़वा स्थित साईं बाबा राइस मिल तक लगभग 3 किलोमीटर लंबा होगा। परियोजना का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। प्रस्तावित एलिवेटेड सर्कल के माध्यम से कुड़वा मार्ग, कलेक्टर कार्यालय रोड, नागरा रोड, हड्डी टोली ब्रिज तथा मरारटोली ब्रिज मार्ग को ऊपरी स्तर पर आपस में जोड़ा जाएगा, जिससे शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात जाम और दुर्घटनाओं की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक विनोद अग्रवाल ने बताया कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह परियोजना समय की मांग थी। फ्लाईओवर बनने के बाद दासगांव मार्ग के यातायात को भी वैकल्पिक बायपास कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी, जिससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा।

इसी के साथ शासन ने रावणवाड़ी–कामठा–आमगांव मार्ग को हाईवे के रूप में विकसित करने के लिए 290 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। 29 किलोमीटर लंबी इस परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क और आवागमन को नई गति मिलेगी।

जिले को एक और बड़ी सौगात देते हुए 218 करोड़ रुपये की लागत से नए जिला कारागृह निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई है। कारंजा स्थित पुलिस मुख्यालय के समीप बनने वाली यह परियोजना पिछले 27 वर्षों से लंबित थी।

तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुलचुर स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के लिए 116 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक भवन निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। इससे युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्यों को मंजूरी मिल रही है और आने वाले वर्षों में जिले का स्वरूप पूरी तरह बदलता दिखाई देगा। उन्होंने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा संबंधित मंत्रियों का आभार व्यक्त किया।

Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!