अजित पवार के निधन पर सरकार की भूमिका संदिग्ध! बजट पूर्व महाविकास अघाड़ी आक्रामक, सीएम के चायपान का किया बहिष्कार

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र की पूर्व संध्या पर राज्य की राजनीति का पारा चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा आयोजित पारंपरिक चायपान कार्यक्रम का महाविकास अघाड़ी (MVA) ने कड़ा बहिष्कार किया है। ठाकरे गुट के वरिष्ठ नेता भास्कर जाधव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार पर तीखे हमले करते हुए इसे ‘बहुमत की मस्ती’ में चूर और ‘लोकतंत्र का अपमान’ करने वाली सरकार करार दिया है। इसी के साथ भास्कर जाधव ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर सरकार की भूमिका को संदिग्ध बताई।
अजित पवार की मौत पर उठाया सवाल
भास्कर जाधव ने सत्र शुरू होने से पहले एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दा उठाया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु पर संदेह जताते हुए कहा, “पूरे महाराष्ट्र के मन में शंका है कि अजित पवार की मौत एक हादसा थी या कोई साजिश (घातपात)? सरकार इस पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कर रही है। जब राज्य के इतने बड़े नेता की मृत्यु संदिग्ध हो, तो हम सरकार के साथ चाय नहीं पी सकते।”
डिजिटल मीटर और 12 हजार करोड़ का ‘सोलर घोटाला’
जाधव ने सरकार पर दुहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में वादा किया था कि घरेलू डिजिटल मीटर जबरदस्ती नहीं लगाए जाएंगे, लेकिन अब अडानी के डिजिटल मीटर लगाने में महाराष्ट्र को नंबर वन बताकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने सोलर लाइट प्रोजेक्ट में 12,000 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार और फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को ठगने का आरोप भी लगाया।
‘उड़ता पंजाब’ बनता महाराष्ट्र
राज्य की कानून-व्यवस्था पर प्रहार करते हुए जाधव ने कहा कि महाराष्ट्र अब ‘उड़ता पंजाब’ बनने की राह पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ड्रग्स का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है और एक जिम्मेदार मंत्री के जिले में ड्रग्स फैक्ट्री मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने तंज कसा कि एक तरफ सरकार हमें चाय पिला रही है और दूसरी तरफ युवाओं को ड्रग्स परोस रही है।
शरद पवार गुट की अनुपस्थिति पर सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद पवार गुट के नेताओं की अनुपस्थिति पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए जाधव ने कहा कि यह केवल ‘कम्युनिकेशन गैप’ की वजह से है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाविकास अघाड़ी के तीनों दल एकजुट हैं और सरकार के खिलाफ मिलकर मजबूती से लड़ेंगे।
Raksha Times
Author: Raksha Times

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!