नागपुर: चार साल के लंबे इंतज़ार के बाद नागपुर महानगर पालिका की आम सभा आज शुक्रवार को होने जा रही है, लेकिन शुरुआत से पहले ही माहौल गरमाता नजर आ रहा है। सत्ता और विपक्ष आमने-सामने हैं, सवालों की बौछार और जवाबों की तैयारी के बीच सदन में हंगामे के पूरे आसार बन चुके हैं।
नागपुर मनपा की बहुप्रतीक्षित आम सभा आज आयोजित हो रही है, जो पूरे 4 वर्षों बाद बुलाई गई है। इस बैठक को लेकर शुरुआत से ही माहौल गरम है। तय प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जहां पार्षद प्रशासन से विभिन्न विभागों पर तीखे सवाल दागेंगे।
जानकारी के मुताबिक करीब 25 सवाल पहले ही तैयार हो चुके हैं, लेकिन इन पर दिए जाने वाले जवाबों से संतोष नहीं दिख रहा, यही वजह है कि सदन में टकराव तय माना जा रहा है। विपक्ष पहले से ही प्रशासन की कार्यशैली, अधूरे काम और लापरवाही को मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने की रणनीति में है, वहीं सत्ता पक्ष अपने कामकाज का बचाव करने के लिए तैयार बैठा है। दोनों पक्षों की इस आमने-सामने की स्थिति ने सदन के माहौल को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।
इसके अलावा, दुर्बल घटक समिति के गठन का मुद्दा भी आज की बैठक में प्रमुख रहेगा, जो लंबे समय से लंबित है। समिति के नए सदस्य के चयन को लेकर भी आज निर्णय संभव माना जा रहा है। कुल मिलाकर, चार साल बाद हो रही इस अहम बैठक में जहां विकास की बात होनी चाहिए, वहां सियासी टकराव हावी रहने के पूरे आसार हैं और इसी के चलते आज का सदन हंगामेदार होने की पूरी संभावना है।




























