नागपुर: महाराष्ट्र में एस्मा लागू होने के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी के चलते नागपुर में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अत्यावसक वस्तुयों की जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहरभर में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने और अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी की बढ़ती शिकायतों के बाद नागपुर पुलिस ने मंगलवार से शहरभर में विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर कुमार सिंगल ने सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से सिलेंडर बेचने या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले कुछ दिनों से शहर में एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके साथ ही कुछ लोगों द्वारा सिलेंडरों को अधिक कीमत पर बेचने की खबरें भी मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार इस पूरे मामले की निगरानी के लिए अपराध शाखा की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में नजर रखते हुए अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को एलपीजी वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेंडर ग्राहकों को तय नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही वितरित किए जाएं। वहीं संदिग्ध गोदामों और स्थानों पर अचानक छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस ने ऐसे लोगों की सूची भी तैयार की है, जो पहले एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध व्यापार में शामिल रहे हैं। इन लोगों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस आयुक्त ने साफ किया है कि अगर कोई भी व्यक्ति एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी या अवैध बिक्री करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि अगर कहीं सिलेंडरों की कालाबाजारी या जमाखोरी की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दें।





























